हवा | महेन्द्र भटनागर
हवा | महेन्द्र भटनागर

हवा | महेन्द्र भटनागर

हवा | महेन्द्र भटनागर

ओ प्रिय
सुख-गंध भरी
मदमत्त हवा!
मेरी ओर बहो –
हलके-हलके!
बरसाओ

मेरे
तन पर, मन पर
शीतल छींटें जल के!

ओ प्यारी
लहर-लहर लहराती
उन्मत्त हवा!
निःसंकोच करो
बढ़ कर उष्ण स्पर्श
मेरे तन का!

ओ, सर-सर स्वर भरती
मधुरभाषिणी
मुखर हवा!
चुपके-चुपके
मेरे कानों में
अब तक अनबोला
कोई राज कहो
मन का!

आओ!
मुझ पर छाओ!
खोल लाज-बंध
आज
आवेष्टित हो जाओ,
आजीवन
अनुबंधित हो जाओ!

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *