वह मसीहा बन गया है

हत्या के दाग 
अब उस तरह काबिज़ नहीं हैं उसके चेहरे पर 
उनके सायों को अपनी दमक में 
वह धुँधला चुका है 
उसकी चमक में 
पगी हुई हैं भक्तित उन्वानों की 
आकुल कतारें 
उसकी दमक में चले आ रहे सम्मोहित लोगों की 
भीड़ से उठते 
वशीभूत नारे 
आकंठ उन्मत्त 
स्तुतियों की दीर्घजीवी संतानों का मलयगान 
उसकी धरती पर बरस रहा है 
काली बरसात के मेंढकों के मदनोत्सव पर 
किसी नवयौवना की अंगभूत कसक 
उसका वसंत रचती हुई 
मादक कल्प में अवतरित हुई थी 
ताकत की बेलगाम हवस के माथे चढ़कर

See also  प्रेम अपनी आँखों में सबका सपना

वह रचयिता है नए धर्मों का धर्मग्रंथों का 
उसकी कमीज़ में फिट होते फ़लसफ़ों का 
सृष्टि का नियामक वह सत्ता का

एक परोसा हुआ संकट 
खुद को हल करता हुआ 
नए चुस्त फॅार्मूलों से 
ब्रैंड के पुष्पक विमान से 
दुनिया लाँघता फूल बरसाता यहाँ आ चुका है…

अब वह मुझमें है 
तुममें है 
हमसे अलग कहीं नहीं 
वह विजेता है नई सदी का 
गरीबों का नाम जपता 
उनकी लाशों पर पनपता 
मसीहा है वह 
मरणशील नक्षत्रों का 
जहाँ हम जीवित हैं 
जीते नहीं।

Leave a Reply

%d bloggers like this: