जी भर रोया एक | बुद्धिनाथ मिश्र
जी भर रोया एक | बुद्धिनाथ मिश्र

जी भर रोया एक | बुद्धिनाथ मिश्र

जी भर रोया एक | बुद्धिनाथ मिश्र

रोज एक परिजन को खोया
पाकर लंबी उमर आज मैं
जी भर रोया।

जिनके साथ उठा-बैठा
पर्वत-शिखरों पर
उनको आया सुला
दहकते अंगारों पर
जो था मुझे जगाता
सारी रात हँसाकर
वह है खुद लहरों पर सोया।

एक-एक कर तजे सभी
सम्मोहन घर का
रहा देखता मैं निरीह
सुग्गा पिंजर का
हुआ अचंभित फूल देखकर
टूट गया वह धागा
जिसमें हार पिरोया।

किसके-किसके नाम
दीप लहरों पर भेजूँ
टूटे-बिखरे शीशे
कितने चित्र सहेजूँ
जिसने चंदा बनने का
एहसास कराया
बादल बनकर वही भिगोया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *