एक शाम आप दफ्तर से घर आते हैं – थके-माँदे। दरवाजे पर लगा ताला आपको मुँह चिढ़ा रहा है। सुमी कहाँ गई होगी – जहन में गुब्बारे-सा सवाल उभरता है। बिना बताए? और पुलक? आप का तीन साल का आँखों का तारा? आप जेब में हाथ डाल कर चाभी निकालते हैं। ताले की एक चाभी आपके पास भी रहती है। चाभी आज पत्थर-सी भारी क्यों लग रही है?

दरवाजा खोल कर आप भीतर आते हैं। वही जाने-पहचाने कमरे हैं। लगता है जैसे अभी रसोई के नल में से पानी गिरने की आवाज आएगी, बर्तन खड़केंगे और सुमी रसोई में से साड़ी के पल्लू से हाथ पोंछती हुई निकलेगी। कहेगी – बड़े थके हुए लग रहे हो आज। हाँ, आज कई मीटिंग्स थीं – आप कहेंगे। तुम हाथ-मुँह धो लो। मैं चाय बनाती हूँ – वह कहेगी। पुलक बेड-रूम के फर्श पर पड़े आज के अखबार पर आड़ी-तिरछी रेखाएँ बना रहा होगा। आप उसे गोद में उठा कर चूम लेंगे। मेरे पापा – कह कर वह आपके गले में बाँहें डाल देगा।

पर मकान आज सोया हुआ है। कहीं कोई आवाज नहीं। रसोई का नल खामोश है। बर्तन बेसुध पड़े हैं। बेड-रूम में वीरानी छाई है।

आप फ्रिज में से बोतल निकाल कर ठंडा पानी पिएँगे। एक अधूरी अँगड़ाई के बीच आप की निगाह डाइनिंग-टेबल पर पड़े कागज के एक टुकड़े पर जाएगी। आप लपक कर वह कागज उठाएँगे। सुमी के अक्षर हैं। पर आप से पढ़े क्यों नहीं जा रहे? अक्षर धुँधले क्यों लग रहे हैं? आँखों में पानी क्यों आ गया है? या शायद आपको चक्कर आ गया है।

“…मैं पुलक को ले कर जा रही हूँ। आपके जीवन से दूर। हमेशा के लिए।”

आप लड़खड़ा कर कुर्सी पकड़ लेंगे। घड़ी की टिक्-टिक् आपके दिमाग में हथौड़े की तरह लग रही है।

क्यों? क्यों? क्यों?

कोई आपके जहन में शहर के घंटा-घर में लगा भारी-भरकम घंटा बजा रहा है।

यह अचानक रात क्यों हो गई है? चाँद कहाँ चला गया है? आज आसमान में तारे क्यों नहीं हैं? नहीं। यह रात नहीं है? आपकी आँखों के आगे अँधेरा-सा छा गया है। आप लड़खड़ाते हुए कदमों से जाएँगे और मेज की दराज से ब्लड-प्रेशर की दवाई निकालेंगे। आप की उँगलियाँ काँप रही हैं। दवाई फर्श पर गिर गई है। आप उसे नहीं ढूँढ़ पा रहे। दूसरी गोली लेकर आप उसे बिना पानी के निगल जाएँगे। और सिर पकड़ कर बिस्तर पर बैठ जाएँगे।

बाहर धुंध भरी रात है और आप नींद में चल रहे हैं। दूर कहीं से रेल-गाड़ी की सीटी की आवाज सुनाई दे रही है। अचानक आप की आँखें खुल जाती हैं। आप बेड-रूम में नहीं हैं। सुमी कहाँ गई? पुलक कहाँ गया?

आप फोन उठाते हैं। फोन डेड है।

तुमने ऐसा क्यों किया, सुमी? छोटे-मोटे झगड़े किस घर में नहीं होते?

अब?

तनाव की तनी रस्सी पर यादों का नट नृत्य कर रहा है।

अब?

दीवार पर सरक रही एक पूँछ-कटी छिपकली आप ही को घूर रही है।

अब?

धुंध के उस पार एक गाँव है। गाँव में खपड़ैल का घर है। दरवाजे पर केले के पेड़ हैं। बगल में चबूतरा है। पास ही पुआल का ढेर है। पुआल के ढेर पर एक बच्चा खेल रहा है।

दादाजी, आपको क्या हुआ है?

आँगन में दादाजी का शव पड़ा है। घर की महिलाएँ विलाप कर रही हैं।

दादाजी, उठिए न।

अर्थी श्मशान की ओर जा रही है।

दादाजी, मुझे छोड़ कर मत जाइए। मुझे पहाड़ा कौन सिखाएगा? रोज एक पन्ना हिंदी और एक पन्ना अंग्रेजी का डिक्टेशन कौन देगा? गाँव के पास बहती नदी में मछली पकड़ना कौन सिखाएगा? जलतरंग कौन बजाएगा?

धुंध के उस पार सुमी हँस रही है। उसकी कलाई में पड़ी चूड़ियाँ खनक रही हैं। मुझे पकड़ो तो जानूँ। पुलक किलकता हुआ तितलियाँ पकड़ रहा है। यह धुंध क्यों नहीं छँट रही है?

सुमी, मुझे छोड़ कर मत जाओ। मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूँ।

आपको झपकी आ गई है। पिताजी आपको डिक्शनरी में से अंग्रेजी शब्दों के अर्थ और हिज्जे रटवा रहे हैं – बी ए टी बैट। बैट माने चमगादड़। एन आइ जी एच टी एम ए आर ई नाइटमेयर। नाइटमेयर माने दुःस्वप्न…

दादाजी, दादी, पिता, माँ – आपने जिन्हें चाहा, सब एक-एक करके आप से दूर चले गए। आप रो रहे हैं। पर आँखों में आँसुओं का समुद्र बहुत पहले सूख गया है। भीतर रिक्तता की आँधी साँय-साँय कर रही है।

आपको लगता है, सब आपकी गलती है। आप सुमी को ज्यादा समय नहीं दे पाते थे। बात-बात पर उसे डाँट-डपट देते थे। आपके गुस्से का लावा उन्हें लील गया।

सुमी, लौट आओ! अब मैं तुम्हें पलकों पर बिठा कर रखूँगा। पुलक, मेरे लाल – तुम दोनों के बिना मैं अधूरा हूँ। पानी में बुलबुले-से आपके मन में विचार उठ रहे हैं। समय के ताल में यादों के पत्थर डूब रहे हैं – गुड़ुप, गुड़ुप…

आप तेज ज्वर से पीड़ित हैं। सुमी आपके माथे पर ठंडे पानी की पट्टियाँ बदल रही है। नीम बेहोशी में आप कुछ बड़बड़ा रहे हैं। पुलक डर कर रो रहा है। कोई उन दोनों को आप से दूर लिए जा रहा है। आप उसे रोकना चाहते हैं। पर आपके हाथ-पैर जड़ हो चुके हैं। आप चिल्ला कर उन्हें आवाज देना चाहते हैं। पर आपके गले से कोई आवाज नहीं निकल रही। बुखार काफी तेज है। आप ठंड से काँप रहे हैं। सुमी आपको कंबल ओढ़ा रही है। आपका सिर तेज दर्द से फटा जा रहा है। सुमी आपका सिर दबा रही है। पुलक आपके गाल चूम रहा है। पापा, उठो…

सूरज डूबने से पहले ही रात हो गई है। भुतहा अँधेरे में आप सड़क पर अकेले चले जा रहे हैं। आप के गंतव्य तक कोई बस नहीं जाती। आगे एक गूँगा जंगल है। अपने कदमों की चाप से डरकर आप भागने लगे हैं। आप हाँफ रहे हैं। हवा में सड़े हुए पत्तों की गंध है। आगे एक खंडहर में पीली रोशनी है। एक जाना-पहचाना नारी स्वर कोई भूला हुआ गीत गा रहा है। सुमी, सुमी। वहाँ वह रहस्यमयी आकृति किस की है? आप उस ओर बढ़ते हैं। और तभी रोशनी बुझ जाती है। गीत थम जाता है। घुप्प अँधेरे के समुद्र में आप एक थके हुए तैराक-सा डूबने लगते हैं। सुमी, सुमी। आपकी भारी आवाज अँधेरे में गूँज रही है।

बाहर लगातार दरवाजे की घंटी बज रही है। आप चौंक कर बिस्तर से उठते हैं। लड़खड़ाते हुए कदम दरवाजे तक पहुँचते हैं। काँपते हुए हाथ दरवाजा खोलते हैं। फूलों की खुशबू लिए हवा का वासंती झोंका आता है।

अरे सुमी, तुम! शब्द आपके गले में फँस रहे हैं। बाहर सुमी खड़ी है। बगल में माँ की उँगली पकड़े हुए पुलक है। सुमी के दूसरे हाथ में थैला है जिसमें सब्जियाँ हैं।

नहीं, अभी रात नहीं हुई है। अभी बाहर उजाला है।

सुमी के भीतर आते ही आप उसे कस कर बाँहों में भींच लेते हैं।

कहाँ चली गई थीं तुम?

आज एक अप्रैल है, जान – सुमी खिलखिलाते हुए कह रही है। आप कुछ नहीं सुन रहे। बस उसे और पुलक को बेतहाशा चूम रहे हैं।

बाहर कहीं कोयल कूक रही है… इस बार आप बच गए। पर याद रखिए, हर दिन एक अप्रैल नहीं होता। आप जिन्हें प्यार करते हैं, उनका खयाल रखिए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *