Tushar Dhawal
Tushar Dhawal

इस बीच क्या कुछ नहीं उग आया 
दो देहों के बीच 
झाड़ झंखाड़ खर पतवार जंगली बेलें नाज़ुक लताएँ 
आदिम दीवारों से निकली गुप्त गुफाएँ अँधेरी घाटियों में 
भौंचक्की दिशाओं में सीढ़ियाँ उभर आईं 
कुछ ढूह कुंठाओं के टिके रहे 
जीभ पर अब फीके पड़े इन गाढ़े अँधेरों में

ज़हर है सच 
पर यही है

कितनी कितनी कल्पनाएँ हैं 
गोता खाती पतंगों की डोर से लटकी हुई 
गहन घाटियाँ हैं अंतर की 
दो देहों के बीच

इस बीच दो देहों के बीच कितना समय उग आया है 
यात्राएँ बदल गईं संदर्भ बदल गए अपने होने के 
भोलेपन की शिनाख़्त मुश्किल रही शातिर समय में 
जीवन बुलबुलों सा उगता फूटता मिटता रहा 
मृत्यु के पार जो भी हुआ 
आकलन था 
कुछ दिलासाओं का कुछ भय का 
कुछ नकेलों का इन पालतू करोड़ों पर 
विद्रोह से डरी सत्ताओं का धर्मशास्त्र 
दो देहों के बीच नकली सपने भरता रहा 
रक्तिम अँधेरों में 
कुछ लिपियों के गहरे दंश लगे हैं अचेतन पर 
ज़हर है सच 
पर यही है 
नए असंतोष की बेगानी आब-ओ-हवा में 
कुछ भोली और सहज होनी थी कई कल्पनाएँ

दो देहों के बीच उस आदिम माँ ने 
सहेज कर रखा था अपने प्रथम डिंब में 
एक स्वप्न 
इन फीके गाढ़े अँधेरों में फिर 
वही स्वप्न चुपचाप उग रहा है 
दो देहों के बीच

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *